कैथल। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी राजेंद्र शर्मा की ओर से डीसी की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में घग्गर नदी का पानी दूषित न हो इस विषय पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही प्रदूषण खत्म करने पर चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों से डीसी ने घग्गर ड्रेन में मिलने वाले दूषित प्वाइंटों के बारे में रिपोर्ट मांगी। सभी अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में उन जगहों को चिह्नित किया जहां से दूषित पानी घग्गर नदी में मिल रहा है। इसमें जिले में चार ड्रेन मिली हैं, जिनमें लगभग 86 जगहों का दूषित पानी मिल रहा है और इन ड्रेनों का दूषित पानी सीधा घग्गर ड्रेन में मिलता है। डीसी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र से ये प्वाइंट खत्म करने के निर्देश दिए हैं। अब हर माह इन प्वाइंटों को लेकर बैठक ली जाएगी और विभागों द्वारा कितना काम किया गया इसकी जानकारी ली जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ विकास हुड्डा ने बताया कि घग्गर नदी का पानी दूषित होने से बचाने के लिए डीसी के साथ ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। घग्गर नदी का दूषित करने वाले 86 प्वाइंट्स की पहचान हुई है। जिनको खत्म करने के लिए डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है, ताकि घग्गर नदी का पानी स्वच्छ रहे।