संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कांग्रेस विधायक विकास सहारण ने भाजपा सरकार पर वायदा खिलाफी का आरोप लगाते हुए उसे आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि उसकी कथनी और करनी में भारी अंतर है।
विधायक सहारण ने शुक्रवार को कलायत के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश स्तर पर कलायत में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह में तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने महाराणा प्रताप के नाम से कॉलेज बनाने और उसी सत्र से शुरू करने की घोषणा की थी। नौ साल बीत जाने के बाद भी उस घोषणा का कोई
पता नहीं है।
उन्होंने कहा कि हालिया विधानसभा सत्र में जब उन्होंने इस कॉलेज के मुद्दे पर प्रश्न उठाया तो सरकार ने उस घोषणा से ही पल्ला झाड़ लिया, जबकि घोषणा की वीडियो और समाचार पत्रों की कतरनें सबूत के तौर पर मौजूद हैं।
इसी तरह भगवान परशुराम सामुदायिक केंद्र का निर्माण कार्य भी वर्षों से अधूरा पड़ा है। करीब तीन करोड़ की लागत से बना अधूरा भवन अब खंडहर में तब्दील हो चुका है। विधायक ने कहा कि सरकार विधानसभा पटल पर तो पैसा भेजने की बात मानती है लेकिन जमीन पर कार्य शुरू नहीं हुआ।
इस मौके पर मोहन सिंह राणा, पूर्व सरपंच पवन कैलरम, डॉ. सुरेश जगदेवा, जसमेर सिंह, मंदीप सहारण सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।