कैथल। आगामी तीन जनवरी से 15 से 18 साल के किशोर वर्ग के टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षा विभाग से विभिन्न स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों का ब्योरा मांगा है, ताकि इसके लिए टीकाकरण टीमें बनाकर स्कूलों में भेजी जा सकें। जहां किशोरों को सरकार के निर्देशानुसार टीके लगाए जा सकेंगे। विभाग की टीमें स्कूलों में जाकर प्रबंधन को प्रेरित कर रही हैं कि टीकाकरण शुरू होने से पहले सभी स्कूल संबंधित विद्यार्थियों के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज स्कूलों में मंगवा लें, ताकि टीकाकरण का कार्य निर्धारित समय पर शुरू हो सके और निर्बाध रूप से चल सके।
248 सरकारी और निजी स्कूलों में लगाया जाना है हजारों विद्यार्थियों को टीका-जिले के 248 सरकारी और निजी स्कूलों में हजारों की संख्या में विद्यार्थियों को कोविशील्ड और को वैक्सीन के टीके लगने हैं। इन स्कूलों में 114 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और 134 निजी स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा नवोदय विद्यालय और संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में भी विभाग संपर्क कर रहा है। इसके अलावा अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। टीकाकरण के लिए विभाग ने 180 से ज्यादा टीमें बनाई हैं। जो इस समय भी टीके लगाने का कार्य कर रही हैं।
कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों पर फोकस-स्वास्थ्य विभाग का स्कूलों में टीकाकरण के लिए कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों पर फोकस है। इसके अलावा जो विद्यार्थी कॉलेज या अन्य प्रशिक्षण संस्थानों में मौजूद हैं और उनकी आयु 15 से 18 वर्ष के बीच है। महामारी से बचाव के लिए टीका लगवाना जरूरी है। कम से कम विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए तो स्कूल इस अभियान में जरूर शामिल हों।
जिले में दसवीं कक्षा में निजी और सरकारी विद्यालयों में कुल 19 हजार 967 बच्चे पढ़ रहे हैं। वहीं ग्यारहवीं कक्षा में 12 हजरी 49 और बारहवीं कक्षा में कुल 19 हजार 181 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। टीकाकरण अभियान सरकारी व निजी सभी विद्यालयों में किया जाएगा।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहुजा ने बताया कि शिक्षण संस्थानों में संपर्क किया जा रहा है कि 15 से 18 वर्ष तक के विद्यार्थियों के आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज मंगवा लें। प्रत्येक स्कूल में टीकाकरण का विभाग का लक्ष्य है, लेकिन जो स्कूल पहले सूचना देगा, वहां टीकाकरण पहले शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर में अब तक संक्रमण बच्चों में ज्यादा देखने को मिला है, ऐसे में अभिभावकों बच्चों को टीके जरूर लगवाएं। तीन जनवरी से यह टीकाकरण शुरू किया जाना है।