संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वेलेंटाइन सप्ताह शुरू होने में अब केवल पांच दिन शेष रह गए हैं और इसका सीधा असर जिले के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर देखने को मिल रहा है। वेलेंटाइन डे से पहले ही जिले के तमाम होटलों में टेबल और हॉल बुकिंग का सिलसिला शुरू हो गया है। रोजाना औसतन 8 से 10 कपल्स एडवांस में बुकिंग करवा रहे हैं।
युवाओं और कपल्स में वेलेंटाइन सप्ताह के लिए खासी उत्सुकता देखी जा रही है। होटल संचालक भी इस अवसर को लेकर अच्छी कमाई की उम्मीद में हैं। इस बार शहर के अधिकतर होटलों ने कपल्स को लुभाने के लिए स्पेशल पैकेज पेश किए हैं। प्रत्येक पैकेज में आमतौर पर स्टार्टर, डिनर और आकर्षक डेकोरेशन शामिल है। कई होटलों में कैंडल लाइट डिनर, रेड थीम डेकोरेशन और रोमांटिक म्यूजिक की व्यवस्था भी की गई है।
जींद रोड स्थित होटल के मैनेजर ने कहा, युवाओं की मांग को देखते हुए इस बार पैकेज को और आकर्षक बनाया गया है। 2500 रुपये के पैकेज में कपल्स को स्टार्टर, मेन कोर्स और सुंदर डेकोरेशन मिलेगा। कुछ पैकेज में केक और गुलाब भी शामिल किए गए हैं। छोटे हॉल की बुकिंग भी तेजी से हो रही है।
होटल संचालकों का कहना है कि वेलेंटाइन वीक के दौरान होटलों में रौनक बढ़ जाती है। जनवरी और फरवरी के शुरुआती दिनों में कारोबार सामान्य रहता है, लेकिन वीक शुरू होते ही कमाई में इजाफा होता है। कई होटलों ने अतिरिक्त स्टाफ रखने और सजावट की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
छात्रावास रोड के होटल संचालक अजय ने बताया, युवाओं में वेलेंटाइन डे को लेकर काफी क्रेज है। कपल्स पहले से बुकिंग करवा रहे हैं ताकि उन्हें पसंदीदा टेबल मिल सके। इस बार लाइटिंग, फूल और कैंडल से माहौल रोमांटिक बनाया जा रहा है।
होटल कारोबारियों का यह भी कहना है कि वेलेंटाइन सप्ताह सिर्फ होटलों के लिए ही नहीं, बल्कि केक शॉप, फ्लोरिस्ट और गिफ्ट शॉप्स के लिए भी फायदेमंद साबित होता है। यदि यही रुझान बना रहा, तो वेलेंटाइन डे से पहले कई होटलों की सीटें फुल हो सकती हैं।सुविधा के लिए सीमित रखीं हैं सीटें ः यश
कैथल-करनाल रोड स्थित होटल संचालक यश यादव ने बताया, हर साल वेलेंटाइन वीक हमारे लिए अच्छा बिजनेस लेकर आता है, लेकिन इस बार बुकिंग पहले ही शुरू हो गई है। खासकर 14 फरवरी के लिए सबसे ज्यादा मांग है। सीमित सीटें रखी हैं ताकि हर कपल को बेहतर सुविधा मिल सके।
गिफ्ट की बिक्री में बढ़ोत्तरी की उम्मीद
कैथल-करनाल रोड स्थित गिफ्ट हाउस के संचालक राहुल शर्मा ने बताया कि लोग पार्टनर के लिए गिफ्ट खुद चुनना ज्यादा पसंद करते हैं इसलिए वे अलग-अलग वैरायटी देखते हैं। वेलेंटाइन वीक के दौरान बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीद है।