कैथल। छुट्टी के दिन रविवार को आरटीए विभाग के कार्यालय में जांच के लिए करीब 40 बसें पहुंची। सभी बसों की गंभीरता से जांच की गई। इनमें से तीन बसों में खामियां मिली। विभाग के अधिकारियों ने इन तीनों बसों को वापस भेज दिया और खामियों को दुरुस्त कर चेकिंग करवाने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार आरटीए विभाग के अधिकारियों ने अब तक करीब 250 बसों की जांच की है। इनमें से करीब 50 बसों में खामियां मिली हैं। वर्क मैनेजर राजकुमार गौतम व मैकेनिक नरेश शर्मा ने बसों की गहनता से जांच की और चालकों को खामियां दुरुस्त कर दोबारा से चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। बसों की चेकिंग के दौरान इस बार अधिकारियों ने वीडियो ग्राफी भी करवाई है, ताकि भविष्य में बचाव रह सके। अब हर मंगलवार को विभाग की ओर से निजी स्कूल बसों की पासिंग होगी। जो खामियां पाएंगी उन्हें तुरंत दुरुस्त कराना होगा। विदित रहे कि बीते दिनों महेंद्रगढ़ में स्कूल बस के साथ दुर्घटना हुई थी। उसके बाद से ही आरटीए विभाग लगातार बसों की जांच कर रहा है। जिले में 300 निजी स्कूलों की करीब 1500 बसें हैं। लेकिन विभाग की ओर से अब तक केवल 250 बसों की ही पासिंग की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अब हर मंगलवार को बसों की पासिंग करवाई जाएगी। खामियां मिलने पर उनको तुंरत दुरुस्त कराया जाएगा।
वर्जन
-रविवार को लगभग 40 बसें जांच के लिए पहुंची। इनमें से तीन बसों में खामियां मिली। जिन्हें रद्द किया गया और बस चालकों को खामियां दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। हर मंगलवार को बसों की पासिंग जारी रहेगी। यदि खामियां मिलती हैं तो उनको मौके पर ही दुरुस्त कराया जाएगा।-शीशपाल, सचिव आरटीए।