महिला चोर गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी पुलिस को रविवार को उस समय सफलता मिली जब एक बड़ा महिला चोर गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रविवार दोपहर करीब दो बजे पूंडरी रोड पर स्थित दुआ ट्रेडिंग कंपनी में तीन-चार महिलाएं कंपनी के मालिक रमेश दुआ से भीख मांगने पहुंची।
दो से तीन महिलाएं बच्चे की भूख का वास्ता देकर रोटी के पैसे देने की मांग करने लगी और उन्हें बातों में उलझाने का प्रयास किया। तब तक उसी गिरोह की अन्य महिलाएं दुकान के नजदीक ही बने गोदाम में घुस गई और वहां से सामान चोरी करने लग गई। अचानक दुकान मालिक की नजर सीसीटीवी स्क्रीन पर गई तो उन्हें गोदाम में कुछ हलचल नजर आई। उन्होंने तुरंत अपने दो नौकरों को गोदाम की ओर भेजा तो गोदाम के बाहर पहरा दे रही महिलाएं उनसे उलझ पड़ी। झगड़ा सुनकर आस-पास के दुकानदार भी एकत्रित हो गए। जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल प्रधान योगेश उप्पल, हरीशलाल, सतपाल चुग, भगवानदास व पप्पू प्रधान समेत कई व्यापारी भी मौके पर पहुंचे। दुकान मालिक को तुरंत सारा माजरा समझ में आ गया। उन्होंने तुरंत चौकी प्रभारी केहर सिंह को फोन कर दिया। पांच मिनट बाद ही पीसीआर वहां पहुंच गई और दुकानदारों के सहयोग से पकड़ी गई तेरह औरतों को पुलिस चौकी ले आई। तब तक इन महिलाओं ने चोरी किए सामान को भी ठिकाने लगा दिया था।
चौकी पर प्रभारी ने इन महिलाओं से पूछताछ की तो महिलाओं ने खुद को गत्ता व कबाड़ बीनने वाला बताया। जब महिला पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो एक महिला ने सच्चाई उगल दी। पुलिस उसको साथ लेकर छिपाकर रखी जगह से चोरी का सारा सामान करीब 28 लीटर वनस्पति घी बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस चोरी की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर व महिला चोरों के कबूलनामे के बाद कार्रवाई करने में जुट गई थी।