विवाहिता के पुत्र को जान से मारने की धमकी देकर कई वर्षों तक महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी बाबा को थाना कलायत पुलिस ने हिसार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शुक्रवार को अदालत के आदेश अनुसार 11 फरवरी तक 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस पीआरओ ने बताया कि घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी रमेश नाथ वासी बिठमड़ा थाना उकलाना को कलायत पुलिस के एएसआई गुरदेव सिंह की टीम ने हिसार से गिरफ्तार कर लिया है। कलायत क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने 12 अक्टूबर को एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी कि एक बाबा वर्ष 2012 के मार्च माह दौरान उसके घर आया। उस समय उसका पति खेत में गया हुआ था तथा वह घर पर अकेली थी। आपराधिक प्रवृती के करीब 32 वर्षीय बाबा ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया।
वह समाज के डर से किसी को नहीं बता सकी। महिला ने बताया कि बाबा उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसके लडके को जान से मारने की धमकी देते हुए लगातार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देता रहा। आरोपी को अदालत के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।