कुरुक्षेत्र रोड पर गैंगस्टर सुरेंद्र ग्योंग के नाम लेकर एक डॉक्टर से फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। डॉक्टर द्वारा शोर मचाने के बाद आस-पास के लोगों ने युवक का मौके पर पकड़ लिया। जिसको सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
शहर के एक नेत्र चिकित्सक से गैंगस्टर सुरेंद्र ग्योंग द्वारा फिरौती मांगने के मामले में पुलिस अभी उसकी तलाश ही कर रही है। बुधवार को एक आरएमपी चिकित्सक नंद लाल लूथरा से ही एक युवक फिरौती मांगने पहुंच गया। डा. लूथरा ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे वह अपने ढांड रोड स्थित क्लीनिक पर बैठा था। तभी एक व्यक्ति आया और कहने लगा कि आज की जितनी भी कमाई की है, उसे निकालो। अगर पैसे नहीं देगा तो तुझे अभी मैं देख लूंगा। चिकित्सक ने पैसे देने से मना किया तो उसे थप्पड़ मारकर और जबरन पैसे गल्ले से निकालकर भाग गया।
डा. लूथरा ने शोर मचाया तो आसपास काम कर रहे लोगों ने आरोपी का पीछा करते हुए उसे पिहोवा चौक स्थित लाला लाजपत राय काम्पलैक्स के पास से पकडक़र वापिस लूथरा क्लीनिक पर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे पहचान लिया। इसके बाद लोगों ने उस युवक की जमकर धुनाई। वहीं उस युवक ने माफी मांगते हुए कहा कि वह केवल दवा लेने के लिए आया था। उसने पैसे नहीं मांगे। लेकिन लोगों उस युवक की जमकर धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया। उधर, यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया। भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामचंद्र ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। चिकित्सक की शिकायत भी मिली है। जांच की जा रही है।