सीआईए-वन पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गांव जाखौली निवासी रघुबीर सिंह को चोरी करते हुए चोरों को देख लेने पर अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। सीआईए-वन पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों को पूछताछ के लिए अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस पीआरओ ने बताया कि 13 जून को 55 वर्षीय रघुबीर उर्फ भीरा राम निवासी जाखौली का शव तालाब में मिला था। उसके सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने मृतक के पुत्र सुनील कुमार के बयान पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। सुनील ने अपने बयान में बताया था कि घटना की रात 12 जून को उसकी मां पड़ोसियों के यहां एक धार्मिक कार्यक्रम में गई थी। वह रात करीब 12 बजे घर लौटी तो उसके पिता सोये हुए थे। वह ऊपर जाकर सो गई, परंतु सुबह उसके पिता वहां नहीं मिले। इस मामले की जांच करते हुए सीआईए-वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर सत्यवान ने जाखौली निवासी राजू व धर्मबीर उर्फ काकू को मंगलवार को गिरफ्तार किया। वारदात में दो अन्य आरोपी भी शामिल है।
पकड़े गए आरोपियों ने कबूला कि वे चारों 12 जून की रात गांव निवासी धर्मपाल के मकान में चोरी करके बैटरी व इंवर्टर रजबाहे की तरफ जा रहे थे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके पीछे रघुबीर उर्फ भीरा भी चला आया, उसने उनको चोरी करते देख लिया था। उसने एक आरोपी का नाम लेकर कहा कि तू भी इस चोरी के मामले में शामिल है। वह सभी को इस तरह के धंधे से बचने की सलाह देने लगा। आरोपियों ने कबूला कि उन्हें भय था कि कहीं वह उनकी गांव में पोल न खोल दे। इस भय से उन्होंने उसके गले में कपड़ा डालकर उसे काबू कर लिया ओर सिर में ईंट से जोरदार हमला करते हुए रजबाहे पर ही उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को तालाब में डाल दिया। पुलिस ने इस मामले में इन दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
बात दें कि इस मामले में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने एसपी ऑफिस में आकर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया था। डीएसपी हेडक्वार्टर के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण वहां से गए थे।