कैथल। लघु सचिवालय के सामने से सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर चुराई गई एटीएम मशीन का अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस तीन कदम नहीं बढ़ पाई है। जहां तक गार्ड द्वारा सूचना दी गई थी, पुलिस के पास इससे ज्यादा जानकारी नहीं है। वहीं पुलिस का दावा है कि तीन जगह छापामारी की गई है। शीघ्र ही पुलिस चोरों को गिरफ्तार कर लेगी।
विदित रहे कि 30 अक्तूबर की रात को चोर यहां लघु सचिवालय के सामने स्थित एटीएम में घुसकर पांच बदमाशों ने गार्ड को बंधक बनाया। बाद में वे किसी वाहन में एटीएम मशीन को उखाड़कर फरार हो गए। गार्ड ने इस मामले में पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में केस तो दर्ज कर लिया। लेकिन वारदात के तीन दिन बाद भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। जिस कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हो सकते हैं।
खतरनाक थे बदमाशों के इरादे
गार्ड ने जानकारी दी थी कि बदमाशों ने उसे जान से मारने की बात भी कही थी। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मशीन चुराने वाले बदमाशों के इरादे कितने खतरनाक थे। यदि बदमाशों में ही शामिल एक अन्य बदमाश यह ना कहता कि छोड़ दो गरीब आदमी है तो न जाने गार्ड के साथ क्या घटना होती।
सीसीटीवी कैमरों से सुलझ सकती है गुत्थी
उधर, जानकारों का मानना है कि करनाल रोड पर पिहोवा चौक से लेकर करनाल रोड बाईपास चौक तक अनेकों संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इन कैमरों से रात 1 से लेकर 2 बजे के बीच गुजरे वाहनों की जानकारी हासिल की जा सकती है। क्योंकि एटीएम मशीन को किसी छोटे वाहन में डालकर नहीं ले जाया जा सकता।
एसएचओ का दावा, तीन जगह की है छापामारी
एसएचओ सिविल लाइन अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने एटीएम मशीन के रिकॉर्डर को कब्जे में लिया है। साइबर सेल द्वारा भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। तीन जगह छापेमार कार्रवाई की है, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसके अलावा एटीएम के आसपास के संस्थानों में लगे कैमरों से भी जानकारी हासिल की जा रही है।