पूंडरी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। युवती ने पुलिस में शिकायत दी है, जिस पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
युवती ने शिकायत में बताया कि वह आठ फरवरी बुधवार को शाम के समय गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गई थी। करीब छह बजे पूजा करके वापस घर लौट रही थी। इस दौरान मंदिर से कुछ दूर जाने के बाद उसको मुंह पर कपड़ा बंधे दो व्यक्तियों ने जबरदस्ती कार में बैठा लिया। तीसरा युवक कार में ही बैठा हुआ था। तीनों उसे करनाल में एक कमरे पर ले गए। जहां पर आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। करीब 58 घंटे तक युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। तीनों में से एक युवक को उसने पहचान लिया, जो उसकी बुआ के गांव का रहने वाला है।
आरोपियों ने इस दौरान उसके साथ मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शनिवार सुबह करीब चार बजे वह मौका पाकर कमरे से भागने में कामयाब रही। करनाल से भागकर वह पास के गांव में अपनी बुआ के पास पहुंच गई। बुआ को पूरी घटना के बारे में बताया। उसकी बुआ ने परिजनों को इसकी जानकारी देकर बुलाया।
सब इंस्पेक्टर सुनीता ने बताया कि पुलिस ने युवती की शिकायत पर गांव बैनी खुर्द जिला करनाल निवासी शुभम व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत में तीनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट, अपहरण व जान से मारने की धमकी का आरोप है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।