फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal: पंजाब नेशनल बैंक की नौच शाखा में करोड़ों का धोखाधड़ी उजागर, खुलासा होने पर आरोपी कैशियर फरार

Mon, 24 Apr 2023 11:53 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल (हरियाणा)

सार

खुलासा होने पर आरोपी कैशियर फरार हो गया। बैंक मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। गुस्साए लोगों ने बैंक में पहुंचकर रोष जताया, कार्रवाई व राशि वापसी की मांग की है। 
विज्ञापन
बैंक के बाहर खड़े लोग। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब नेशनल बैंक में नौच सहित आस-पास के गांवों के लोगों से करोड़ों रुपये का फ्रॉड सामने आया है। सोमवार को नए बैंक मैनेजर ने ज्वाइन करते ही इस मामले का खुलासा किया। इसकी सूचना मिलते ही गांव वासी बैंक पहुंचे और घेराव करते हुए रोष प्रकट किया। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। इस दौरान एलडीएम ने भरोसा दिलाया कि लोगों के पैसे दिलवाए जाएंगे। मामले में बैंक मैनेजर धर्मपाल की शिकायत पर आरोपी कैशियर रामबीर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


घटनाक्रम के अनुसार सोमवार दोपहर के समय गांव नौच के लोगों को पता चला कि गांव में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत कैशियर रामबीर लोगों के पैसे लेकर भाग गया है। सूचना मिलते ही भारी संख्या में गांव वासी बैंक में पहुंच गए और रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इसकी जानकारी मिलते ही क्योड़क पुलिस चौकी प्रभारी दयानंद भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने अपने साथ हुए फ्रॉड की जानकारी दी। साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर राशि वापस दिलाने की मांग उठाई।
विज्ञापन


इस संबंध में एलडीएम सुरेंद्र नंदा ने कहा कि मामले की जांच करवाकर सभी उपभोक्ताओं के रुपये वापस किए जाएंगे। बैंक की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे रहे हैं। पुलिस जांच करेगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेगी। क्योड़क चौकी प्रभारी दयानंद ने कहा कि उन्हें सूचना मिली कि कैशियर रामबीर लोगों के साथ फ्रॉड करके चला गया है। आरोपी जनकपुरी कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है।

मौके पर मौजूद उपभोक्ता ऋषि ने बताया कि कैशियर ने उनके साथ 23 लाख 20 हजार का फ्रॉड किया है। वह पहले भी रुपये निकलवाने आया था, लेकिन उसे रुपये नहीं होने की बात कही गई। सोमवार को फिर अपने खाते से रुपये निकलवाने आया तो उसे दोपहर में दोबारा आने की बात कही गई।

घर गया तो उसके पास फोन आया कि कैशियर रुपये लेकर फरार हो गया है। आरोप है कि कैशियर सभी उपभोक्ताओं के करीब चार से पांच करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया है। उपभोक्ता ने मांग की कि उन सभी के रुपये वापस दिलाए जाएं और मामले की जांच कर आरोपियों को पकड़ा जाए।

प्रेमपुरा निवासी जरनैल सिंह ने बताया कि उसके तीन लाख के करीब रुपये निकले हैं। वह बैंक में राशि निकलवाने आया था, लेकिन यहां आकर पता चला कि रुपये नहीं हैं। खाते में अब 31 हजार रुपये बचे हैं।

विक्रम ने कहा कि उसके साढ़े पांच लाख रुपये कटे हैं। जब रुपये लेने आए तो बैंक वाले ने कहा कि कैश की गाड़ी नहीं आ रही। न ही एंट्री कर रहे हैं। जोर देने पर मेरा ब्याज देने की बात कही, लेकिन मूल राशि तक नहीं मिल रही है।

सिकंदर पाल कौर ने कहा कि उसके खाते से एक लाख 54 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आया तो बैंक में पूछताछ की। कर्मचारी कहते हैं कार्रवाई में समय लगेगा। 17 अप्रैल को पैसे डलवाए थे, 18 को निकल गए।

किताब सिंह ने कहा कि उसके खाते में 10 लाख रुपये थे। उनमें से दो लाख रुपये निकल गए। बैंक में आकर फ्रॉड का पता लगा। अब तक पैसे नहीं मिले हैं। उन्हें रुपये वापस दिलाए जाएं और कैशियर के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इस तरह से की धोखाधड़ी
जानकारी के अनुसार, बैंक कर्मचारी ने लोगों द्वारा पैसे जमा करवाने पर उन्हें रसीद नहीं दी। किसी ने 30 हजार जमा करवाए तो उसके तीन लाख रुपये निकलवा लिए। जब लोग पासबुक पूरी करने को कहते तो कह देता कि कंप्यूटर खराब है। प्रिंटर खराब है। इस तरह के बहाने बनाकर वह लोगों को टरकाता रहा।

ऐसे हुआ खुलासा
सोमवार को ही नए बैंक मैनेजर ने ज्वाइन किया। वहां एक व्यक्ति उसके खाते से ढाई लाख रुपये की निकासी होने की शिकायत लेकर पहुंचा। बैंक मैनेजर ने कैशियर को बुलाया तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। फिर कुछ ही देर में वहां से फरार हो गया। इसके बाद यह सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही लोग बैंक के बाहर एकत्रित होना शुरू हो गए। लोग पूर्व के मैनेजर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं।

करोड़ों रुपये का हो सकता है फ्रॉड
जिस तरह से लोग अपने साथ ठगी की बात कह रहे हैं, उससे यह फ्रॉड करोड़ों रुपये का हो सकता है। मौके पर ही करीब 95 लाख रुपये की धोखाधड़ी की लोगों ने जानकारी दी। किसी के 30 लाख तो किसी के पांच लाख, किसी के डेढ़ लाख रुपये, इस तरह से फर्जीवाड़ा सामने आ रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें