जहां किसानों को बैंक से लोन लेने के लिए कई चक्कर लगाने पड़ते है वहीं हाबड़ी के एक किसान ने एक ही जमीन पर तीन अलग-अलग बैंकों से लाखों रुपये का लोन मंजूर करवा लिया और अब डिफाल्टर हो चुका है। पुलिस ने उस किसान पर झूठी जानकारी देकर तीन बैंकों से ऋण लेकर वापिस न लौटाने पर उसके खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक रसीना के मैनेजर बलराज सिंह ने बताया कि हाबड़ी निवासी हरभजन सिंह पुत्र दिलीप सिंह ने वर्ष 2014 में 40 किले 4 मरले जमीन पर दो ऋण स्वीकृत करवाये। जिसमें 14 मार्च 2014 को 4 लाख 97 हजार रुपये व 18 मार्च 2014 को 95 हजार रुपये लिए। जो कि अब तक बैंक के उसकी तरफ 4 लाख 90 हजार बकाया है और अब वो डिफाल्टर हो चुका है। मैनेजर ने बताया कि हरभजन सिंह ने उनके बैंक में जिस जमीन की रजिस्ट्री रखी है, उसी जमीन को उसने 3 मार्च 2014 को स्टेट बैंक आफ पटियाला की निसिंग शाखा के पास भी रहन रखकर भी वहां से 10 लाख और 5 लाख रुपये के दो लोन स्वीकृत करवाये और उस बैंक का भी उस पर 18 लाख का बकाया है। इसके अलावा इसी जमीन को कार्पोरेशन बैंक पूंडरी में रहन रखकर 28 मार्च 2014 को 6 लाख रुपये ऋण ले लिया और वो भी बकाया खड़ा है। पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर हरभजन सिंह के खिलाफ 420, 120 बी, 467, 468 व 471 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।