गांव पबनावा में शराब ठेके से तीन युवक पिस्तौल के दम पर आठ हजार रुपये लूट कर भाग गए। युवकों ने पहले बीयर खरीदी, बाद में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वारदात बुधवार रात आठ बजे की है। ढांड पुलिस को दी शिकायत में पबनावा निवासी महिंद्र सिंह ने बताया कि वह शराब ठेके पर कारिंदा है। बुधवार रात करीब सात बजे उसके पास तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए। युवकों ने उससे तीन बीयर लीं और बाहर जाकर पीने लगे।
उस समय गांव के कुछ व्यक्ति उसके पास बैठे थे। वे युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से चले गए। कुछ देर के बाद वे युवक गाड़ी में सवार होकर आए। तब वह शराब ठेके पर अकेला बैठा था। ठेके का गेट खुला था। युवक ठेके के अंदर आए और उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
एक युवक ने पिस्तौल निकाल कर उसकी कनपटी पर रख दी और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने ठेके से आठ हजार रुपये छीन लिए। उसके बाद युवक गाड़ी में सवार होकर वहां से भाग गए।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुल्तान सिंह ने बताया कि पुलिस ने कारिंदे की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में रही है।