स्टेट बैंक रोड पर अज्ञात युवक एक वकील से मारपीट कर दिनदहाड़े मोबाइल सहित नकदी छीन कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन एसएचओ सहित सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
एडवोकेट विकास शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि दोपहर के समय वह किसी काम से करनाल रोड स्थित एसबीआई बैंक आया था। बैंक के बाहर खड़ा होकर वह अपने मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान 8-10 युवक आए और आते उससे मोबाइल मांगने लगे।
उसने मोबाइल देने से मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने उससे मारपीट करते हुए उसका मोबाइल छीन लिया। साथ ही उसकी जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये भी छीन लिए। युवक बाद में मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए। इसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसएचओ अशोक कुमार व सीआईए-2 सब इंस्पेक्टर सत्यवान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता से मामले की जानकारी ली। इसी बीच मौके पर काफी संख्या में लोग भी एकत्रित हो गए।
एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है कि मामले की सच्चाई क्या है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज से भी युवकों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।