थाने में चार के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज
- फोटो : प्रतिकात्मक तस्वीर
बलराज नगर में लाठी, डंडा, गंड़ासी के बल पर घर से युवती का अपहरण कर लिया गया। करीब दर्जन भर युवक आए और हमला करते हुए जबरन लड़की का अपहरण कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में अपहरण व जाति सूचक शब्द कहकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 13 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि 19 फरवरी की रात वह अपनी बेटियों के साथ सोई हुई थी। रात को बलराज नगर निवासी सुनील कुमार अपने साथ करीब 10 से 12 युवकों को लेकर आया।
युवक लाठी, डंडा, व गंड़ासी लेकर आए थे। इन युवकों ने घर में घुसते ही उन पर हमला कर दिया। उस समय वह घर पर अपनी बेटी के साथ थी। आरोपी उनके परिवार को जाति सूचक शब्द बोलते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर वे उसकी 18 वर्षीय बेटी का अपहरण कर फरार हो गए। उन्होंने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर एसएचओ सिविल लाइन सहित कई पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लड़की का अपहरण करने, मारपीट करने, जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में केस दर्ज कर लिया। मामले की जांच डीएसपी तरुण कुमार कर रहे हैं।
डीएसपी तरूण कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर एससी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।