हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सोमवार को स्कूल बस की चपेट में आने से एक तीन वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक सुबह सनसिटी में से बस को तेज गति से लेकर फरार हो गया। हादसा सुबह करीब सवा आठ बजे के आस-पास हुआ। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
मध्यप्रदेश के सागर निवासी लैलाबाई उर्फ हीरालाल ने बताया कि उनका परिवार कैथल में मेहनत मजदूरी करने के लिए आया हुआ है। उनके चार बच्चे हैं। जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां है। सनसिटी में काम चलने के कारण वे लोग वहीं रह रहे है। सोमवार सुबह सवा आठ बजे उसके बच्चे सनसिटी में फुटपाथ से जा रहे थे। इसी बीच ढांड रोड पर स्थित इंडस पब्लिक स्कूल के बस चालक ने उसके तीन वर्षीय बेटे धर्मेंद्र को टक्कर मार दी। बस बच्चे के ऊपर से निकलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक हादसे के बाद बस को लेकर फरार हो गया। वहीं हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक बच्चे के पिता लैला बाई उर्फ हीरालाल की शिकायत पर इंडस स्कूल बस के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच चल रही है।
एएसआई हरपाल सिंह, जांच अधिकारी सिविल लाइन थाना
दो स्कूल वैन भिड़ीं, दो दर्जन बच्चे घायल
गुहला-चीका में सोमवार सुबह दो स्कूली वैनों की आपस में हुई भिड़ंत में लगभग दो दर्जन स्कूली बच्चे घायल हो गए। घायल हुए बच्चों को चीका के दो निजी अस्पतालों में लाया गया जहां पर मामूली रूप से घायल हुए बच्चों को मरहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई और गंभीर रूप से घायल हुए एक बच्चे को इलाज के बाद सीटी स्कैन करवाने के लिए पटियाला भेजा गया है।
सुबह एवी विद्या मंदिर स्कूल की वैन गांव टटियाणा की तरफ से बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। इसी वैन के पीछे कोहिनूर इंटरनेशनल एकेडमी की वैन भी बच्चों को लेकर स्कूल की तरफ आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब एवी विद्या मंदिर स्कूल की वैन के चालक ने अपनी वैन को स्कूल की तरफ मोड़ा तो उसी समय दो वैनों के बीच से एक मोटरसाइकिल सवार ओवरटेक करने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में कोहिनूर एकेडमी की वैन का संचालक अपना संतुलन खो बैठा और उसकी वैन आगे जा रही एवी विद्या मंदिर स्कूल की वैन से जा टकराई। इस टक्कर से दोनों वैनों में सवार लगभग दो दर्जन बच्चों को मामूली चोटें आई व एक बच्चे के सिर में भी चोट लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक स्कूलों में पहुंचे और अपने अपने बच्चों को कुशलक्षेम जाना। इस दुर्घटना में सभी बच्चों के बाल-बाल बचने से सभी ने राहत की सांस ली है।