पुलिस ने एक युवक को काबू किया, काफी संख्या में मोबाइल बरामद
अंबाला रोड पर मोबाइल दुकान में लाखों के मोबाइल सेंधमारी का मामला
आज पुलिस कर सकती है बड़ा खुलासा
चोरों को न पकड़ने को लेकर घटना के बाद से व्यापारियों में रोष व्याप्त था
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अंबाला रोड पर हुई मोबाइल की दुकान में लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जिससे काफी संख्या में मोबाइल भी बरामद किए जाने की सूचना है। पुलिस आज इस मामले में खुलासा कर सकती है।
विदित रहे कि अंबाला रोड पर स्थित मोबाइल की दुकान में सेंध लगाकर 30 लाख रुपये से अधिक के मोबाइल चोरी कर लिए थे। चोरों ने सुबह सवेरे सेंध लगाकर सारे मोबाइल उड़ा लिए थे। पुलिस ने दुकानदार कृष्ण गर्ग की शिकायत पर इस संबंध में केस दर्ज कर लिया था। बाद में लोगों ने इस मामले में रोष भी प्रकट किया था। वहीं हरियाणा सरकार में एक और सुधार प्रोजेक्ट के डायरेक्टर रॉकी मित्तल ने भी इस मामले में एसपी से बात की थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने दुकान से लाखों रुपये के चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को काबू किया है। उसके पास से मोबाइल भी बरामद हुए हैं। पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।
इस संबंध में सीआईए-2 प्रभारी ने कहा कि पीआरओ ही मीडिया को कुछ जानकारी दे सकते हैं।