गए थे मारपीट की जांच के लिए खुद ही पिट गए पुलिसकर्मी
दो पुलिस कर्मियों को गांव बालू में बुरी तरह से पीटा, वर्दी फाड़ी व मोबाइल छीना
-अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। मामले की जांच के लिए गई गांव बालू में गई कलायत पुलिस के साथ आरोपी ने जमकर धुनाई की। आरोपी ने कर्मचारियों की वर्दी तक फाड़ दी ओर मोबाइल छीन कर अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गया। कलायत पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार पुत्र सुभाष के खिलाफ पुलिस कर्मचारियों मारपीट कर सरकारी डयूटी में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज लिया है।
कलायत पुलिस मिली जानकारी के अनुसार गांव बालू की गादड़ा पट्टी निवासी लाडो देवी को दो दिन पूर्व सुनील ने बुरी तरह से पीट दिया था। बुरी तरह से घायल लाडो देवी को कैथल के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां से उसे हिसार में रेफर कर दिया गया। लाडो देवी की पिटाई के पीछे के कारणों का खुलासा करते हुए गांव वासियों ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार ने लाडो के बेटे मास्टर कृष्ण से 50 हजार रुपये मांगे थे। पैसे न देने से गुस्साए सुनील ने अध्यापक की माता को बुरी तरह से घायल कर दिया। शुक्रवार सायं करीब सात बजे कलायत थाना के दो पुलिस कर्मी मुकेश कुमार व कुलदीप कुमार मामले की जांच के लिए गांव में पहुंचे तो पहले से ही घात लगा कर बैठे आरोपी ने दोनों पुलिस कर्मियों को पीटना आरंभ कर दिया। अंधेरे का फायदा उठा कर आरोपी ने दोनों पुलिस कर्मियों को पहले पीटा उनकी वर्दी फाड़ी व उनके मोबाइल छीन कर फरार हो गया। मोबाइल छीने जाने से पुलिस कर्मी बेबस नजर आए। किसी और का मोबाइल फोन लेकर सारे मामले की सूचना उन्होंने कलायत थाना में दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ललित मोहन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घायल पुलिस कर्मियों को लेकर कलायत में आए। कलायत में उनका मेडिकल करवा कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस कर्मियों के साथ हुई मारपीट के विरोध में कलायत नगर से अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि कलायत थाना में जमा हो गए। थाना प्रभारी ने बताया की मारपीट में घायल हुए कुलदीप का इलाज जारी है।