अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। करीब 3 माह पहले हुए दुष्कर्म के मामले में पीड़िता को जबरन जहर देने का मामला सामने आया है। पीड़िता को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस को सूचना दे दी गई है।
पीड़िता की मां ने बताया कि पुलिस ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में कुलदीप कुमार, अंकुश, गौरव व प्रमोद के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसमें केवल कुलदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। शेष तीनों ने उन पर दबाव डाला। उनकी बात मानने से इंकार कर दिया तो वे बुधवार को उनके घर आए और उसकी बेटी को जबरन जहर दे दिया और मौके से फरार हो गए। युवती की मां का आरोप है कि आरोपियों के साथ उसका सगा बेटा भी मिला हुआ है। रेप पीड़ित लड़की को शहर के एक निजी अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मां ने बताया कि उसकी बेटी के साथ एक आरोपी ने शादी का झांसा देकर रेप किया और जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके घर में घुसकर उसके साथ व उसकी मां के साथ मारपीट की। मां का कहना था कि पुलिस ने आरोपियों पर सिटी थाने में मुकदमा नंबर 534 तो दर्ज कर लिया है। आरोपी प्रमोद, अंकेश और गौरव को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीएम से लेकर, स्वास्थ्य मंत्री, ओएसडी, एसपी व एसएचओ तक गुहार लगाई, लेकिन उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को आरोपी अंकेश व गौरव ने उसकी बेटी को पकड़ लिया और प्रमोद ने जबरन उसकी बेटी के मुंह में सल्फाश की गोली दे दी और मौके से फरार हो गए। उधर यह भी बताया जा रहा है कि युवती व उसकी मां के खिलाफ पहले मारपीट की शिकायत सिटी थाने में दर्ज करवाई गई थी, उसके बाद युवती ने उन्हीं आरोपियों पर रेप व मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है।
50-50 हजार रुपये में बेची जा रही हैं उसकी बेटी की सीडी:-
पीड़ित युवती की विधवा मां ने बताया कि उसकी बेटी की आरोपियों ने अश्लील वीडियो भी बनाई हुई है। जिसे आरोपी बाजार में 50-50 हजार रुपये में बेच रहे हैं। मां ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि आरोपियों के कब्जे से उसकी बेटी की अश्लील वीडियो बरामद कर उसे नष्ट किया जाए और आरोपियों को सख्त सजा दी जाए।
इस संबंध में एसएचओ पंकज कुमार ने बताया कि युवती द्वारा जहर खाने की सूचना मिली है। युवती के होश में आने पर केस दर्ज किया जाएगा।
फोटो संख्या-17
दुष्कर्म पीड़िता को घर जाकर जहर देने का आरोप, निजी अस्पताल में दाखिल करवाया
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीएम, स्वास्थ्य मंत्री, ओएसडी, एसपी व एसएचओ तक गुहार लगाई
चार आरोपियों में से महज एक की गिरफ्तारी, तीन पर लगाया आरोप
घर में घुसकर झगड़ा किया, तीनों ने पीड़िता को दिया जहर