अप्रैल में झगड़े में घायल हुए युवक ने दम तोड़ा, पुलिस ने हत्या के आरोप में केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सीवन के गांव पहाड़पुर में शराब पिलाकर चोट मारने के चलते घायल हुए युवक की मौत हो गई है। सीवन पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। घटना अप्रैल महीने की है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पहाड़पुर निवासी महिला सरदारो देवी ने बताया कि उसका बड़ा बेटा जस्सा डेरा खुगड़ा उमेदपुर में रीपर पर नौकर लगा हुआ था। 25 अप्रैल की रात 10 बजे उमेदपुर निवासी जसूराम उसके बेटे को घर छोड़ने के लिए आ रहा था। वहां से आते समय दोनों ने बैठकर शराब पी थी। 26 अप्रैल को सुबह 5 बजे किसी ने मेेरे छोटे बेटे गांधी को सूचना दी कि उसका बड़ा भाई जस्सा घर के बाहर पड़ा है। जब उसके छोटे बेटे ने मौके पर जाकर देखा तो जस्सा को बहुत चोटें लगी हुई थी। उसको पटियाला में दाखिल करवाया गया। वहां से डॉक्टरों ने जस्सा को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। सरदारों देवी ने बताया कि मुझे व मेरे परिवार को यह शक था कि उसका बेटा छत से गिर कर घायल हुआ है। 15 जून को उसके बेटे को पीजीआई से छुट्टी मिल गई। लेकिन वह बोलने में असमर्थ था। घर आने के बाद उनको पता चला कि जसूराम ने उसके बेटे को शराब पिलाकर चोटें मारी है। जब भी आरोपी को इस घटना के बारे में पूछते है तो वह जान से मारने की धमकी देता है। उसका बेटा इस चोट से नहीं उबर सका और उसकी मौत हो गई है। महिला ने पुलिस ने गुहार लगाई है कि आरोपी उमेदपुर निवासी जसूराम के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सीवन थाना के एएसआई केहर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जून माह में जसूराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब इसमें 302 धारा दर्ज कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पेट्रोल रेट
68-47
डीजल
57’09