19 हजार रुपये के लिए कर दी कंबाइन पर काम करने वाले हेल्पर की हत्या
फोटो नंबर-8 से 10
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मजदूरी के पैसे लेने गए एक युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर गुहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहाड़पुर गांव निवासी दर्शन सिंह ने गुहला थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका 22 साल का बेटा बिट्टू गांव तारांवली के मुन्ना राम के पास कंबाइन पर दिहाड़ी करता था। गेहूं के इस सीजन में वह मध्य प्रदेश में गया हुआ था। इस सीजन में 22 हजार रुपये की दिहाड़ी की। कुछ दिन पहले ही वह मध्य प्रदेश से लौटा था। कई दिनों से कंबाइन मालिक के पास दिहाड़ी को लेकर चक्कर लगा रहा था। तीन-चार दिन पहले तीन हजार रुपये तो दे दिए थे, लेकिन 19 हजार रुपये की राशि बकाया था। आरोप है कि उक्त राशि को लेने के लिए उसका बेटा तारांवाली में कंबाइन मालिक के पास गया था, लेकिन रात तक जब वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की। सुबह जानकारी मिली की गुहला-खरकां रोड पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। जब वे मौके पर पहुंचे तो उक्त शव उसके बेटे का था। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
गुहला थाना प्रभारी अंग्रेज सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। पोस्टमार्टम के बाद ही रिपोर्ट आने के बाद हत्या कैसे की गई है इस बारे में जानकारी मिल पाएगी। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर कंबाइन मालिक उसके बेटे व अन्य दो-तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।