घर में सेंध लगाने का आरोपी काबू, पुलिस रिमांड पर लिया
कैथल। घर में सेंध लगाकर एक लाख 20 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति चुराने के मामले में थाना कलायत पुलिस ने एक व्यक्ति को काबू किया है। जिसका 10 अक्तूबर को न्यायालय से एक दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि बात्ता निवासी सुरेश की शिकायत पर थाना कलायत में 8 अक्तूबर को दर्ज मामले अनुसार वह 2 अक्तूबर को मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित किसी रिश्तेदार को मिलने करनाल चला गया था। जब वह 5 अक्तूबर को घर लौटा तो मकान का ताला टूटा मिला। घर से एलसीडी, इंर्वटर, सोना चैन, कानों के झुमके, अंगूठी, नाथ व अन्य चांदी जेवरात सहित लगभग एक लाख 20 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति गायब मिली। मामले की जांच थाना प्रबंधक रामकिशन सब इंस्पेक्टर की अगुवाई में एचसी बलविंद्र की टीम द्वारा करते हुए आरोपी राकेश पुत्र मेहर निवासी बात्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसका बुधवार को चोरीशुदा संपत्ति बरामद करने के लिए न्यायालय से एक दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
इसी प्रकार से मकान पर रात के समय सोए हुए रिटायर्ड फौजी मंजीत सिंह निवासी रामपुरा की जेबतराशी करने के मामले में थाना सीवन पुलिस के एएसआई रघबीर सिंह द्वारा जिला कुरुक्षेत्र के गांव संतोखपुरा निवासी 16 वर्षीय बाल आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरीशुदा 2650 रुपये नकदी व आर्मी आईकार्ड की फोटो कापी बरामद कर ली गई।