एफसीआई में क्लर्क लगवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी
शहर पुलिस ने एक महिला सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एफसीआई के सरकारी गोदामों में क्लर्क लगवाने के नाम पर तीन लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शहर पुलिस ने एक युवक व उसके माता-पिता पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव देबन निवासी बलवान ने बताया वह उसके बेटे विक्रम को सरकारी नौकरी लगवाना चाहता था। इसी बीच उसकी मुलाकात गांव के ही दिनेश से हुई। दिनेश ने उसे बताया कि वह उसके बेटे को एफसीआई के सरकारी गोदामों में क्लर्क लगवा देगा। जिसके लिए उसको साढ़े तीन लाख रुपये देने होंगे। वह दिनेश को यह पैसे देने के लिए तैयार हो गया। इस बारे में दिनेश की माता कृष्णा व पिता बलवान को भी पता था। कैथल में बैंक ऑफ इंडिया के पास यह पैसे दिए थे। पैसे लेने के बाद ना तो उसके बेटे की एफसीआई के क्लर्क पद पर ज्वाइनिंग हुई और ना ही आरोपियों ने उसके पैसे वापस दिए। पैसे वापस मांगने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
शहर थाना के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने गांव देबन निवासी बलवान की शिकायत पर गांव देबन के ही दिनेश, उसके पिता बलवान व माता कृष्णा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।