सड़क हादसे में एक युवक की मौत, एक पीजीआई रेफर, एक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। तीन सड़क हादसों में एक 19 वर्षीय युवत की मौत, दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें एक युवक को पीजीआई रेफर किया गया है।
पहले हादसे में चीका-खरकां मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। चीका थाना के एएसआई राजेंद्र लांबा ने बताया कि अशोक नगर फतेहाबाद का अजय (19) रविवार रात को माजरी गांव के नजदीक से निकल रहा था। सामने से आ रहे पराली से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को क्रास करते हुए जैसे ही आगे निकला तो सड़क के नजदीक डाली गई मिट्टी पर चढ़ते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया। इस कारण वह सड़क पर पलट गया। इस हादसे में चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन कैथल पहुंचे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
दूसरा सड़क हादसा करनाल रोड लक्ष्मी फार्म के पास हुआ। जिसमें एक अज्ञात कार चालक ने मोटर साइकिल चालक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक को पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में बलराज नगर निवासी सोनू उर्फ सीनू ने बताया कि दो दिसंबर की शाम करीब सात बजे वह करनाल रोड पर लक्ष्मी फार्म के पास से जा रहा था। तभी एक अज्ञात कार चालक बहुत तेज गति व लापरवाही से आया। जिसने उसकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको कैथल के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफ कर दिया गया। हैड कांस्टेबल बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीसरे मामले में गांव सिकंदर खेड़ी निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि दो दिसंबर को शाम करीब छह बजे पूंडरी में एक ट्रैक्टर चालक ने उसके मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एएसआई चन्द्र प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।