फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहादुर मनीष मितल के शहर में मार्केट में हत्यारों को पकड़ने का हौंसला नहीं कर पाए लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
नसीब सैनी
विज्ञापन

कैथल। यह इसी शहर की बात है कि नई अनाज मंडी में चार साल पहले युवा आढ़ती मनीष मित्तल लुटेरों से निहत्थे भिड़ पड़े थे। लुटेरों ने छाती में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। मनीष मित्तल के ही शहर में शुक्रवार को सरेआम मर्डर करके भाग रहे 5 हत्यारों से दो युवक भिड़ पड़े, लेकिन उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। दुकानदार, ग्राहक और राहगीरों सब खामोश रहे, इसी के चलते पकड़े जाने के बावजूद हत्यारे हाथों में डंडे व तेजधार हथियार लहराते हुए दोनों युवकों की गिरफ्त से छूटकर फरार हो गए। हत्या के बाद मार्केट में दहशत फैल गई। वहीं बहादुर युवक मृतक को अस्पताल तक भी लेकर गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पूरी तैयारी करके आए थे हत्यारे : श्री ग्यारह रुद्री मंदिर की दुकानों के सामने सरेआम एक व्यक्ति के मर्डर के लिए 5-6 युवक पूरी तैयारी के साथ आए थे। दुकानों के सीसीटीवी कैमरे देखने पर पता चला कि 12 बजकर 15 मिनट से लेकर 12 बजकर 25 मिनट के बीच पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। 12 बजे के बाद हत्यारे मुंह पर कपड़ा बांधकर हाथों में डंडे लिए हुए दुकानों के आगे से गुजरते हुए दिख रहे हैं। एक दुकान के बाहर खड़े होकर उन्होंने दो से तीन मिनट तक इंतजार किया। इसी बीच एक युवक एक दुकान के अंदर जाकर बाहर निकलता हुआ दिख रहा है। इन सभी ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। युवक अपने हाथों में डंडे लिए हुए दिख रहे हैं। लेकिन हमले की वारदात सीसीटीवी फुटेज में नहीं दिख रही है। वारदात को अंजाम देकर युवकों के भागने की रिकॉर्डिंग जरूर हुई है। 12 बजकर 26 मिनट पर हत्यारे भागते हुए नजर आ रहे हैं। एक सीसीटीवी कैमरे में हत्यारों को पकड़ने में जूझ रहे दो युवकों की भी रिकॉर्डिंग हुई है। लेकिन हत्यारों की संख्या ज्यादा होने के चलते वे बड़े आराम से लोगों को धमकाते हुए निकल गए।
विज्ञापन

सरेआम धमकी देकर गए हत्यारे : प्रत्यक्षदर्शी एक व्यक्ति ने बताया कि एक व्यक्ति पर अचानक पांच-छह युवकों ने सूओं व डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद वे भागने लगे तो पीछा करके दो युवकों ने उन्हें काफी आगे जाकर पकड़ लिया। दो युवकों को पकड़ने के बाद वे उन्हें वापस ले आए। हत्यारों ने इन युवकों को जान से मारने की धमकी भी दी। इसका भी इन युवकों पर कोई असर नहीं हुआ। लेकिन मार्केट में कोई भी साथ नहीं आया। इसी बीच हत्यारे फिर मुड़कर आए और अपने साथी हत्यारों को छुड़वाकर फिर से भाग खड़े हुए। हत्यारे पैदल व बाइक पर भागते हुए दिख रहे हैं। मौके पर लोगों में चर्चा थी कि उन दो बहादुर युवकों का यदि कोई साथ दे देता तो हत्यारे मौके पर ही काबू में आ जाते। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर सरेआम धमकी दे रहे थे। मृतक टाटा एस वाहन चलाकर आया था। उतरते ही उस पर हमला कर दिया गया। इसके बाद दो युवक उसी वाहन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के चार बच्चे बताए जा रहे हैं।
वारदात के 20 मिनट बाद पहुंची पुलिस : वारदात के करीब 20 मिनट बाद सबसे पहले एक पीसीआर मौके पर पहुंची। तब तक सड़क पर बिखरे खून व खून से सने कपड़ों के ऊपर से वाहन गुजरते रहे। इसके बाद थाना शहर से राज कुमार की अगुवाई में टीम पहुंची। इसके बाद डीएसपी कुलभूषण मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम व बाद में सीआईए-2 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीमों ने मार्केट में सभी सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले।
जिले में बढ़ रहे हैं अपराधियों के हौसले : पिछले पंद्रह दिनों में कोर्ट परिसर में गवाह पर हमला, पाई में युवक का मर्डर, अनाज मंडी में आढ़ती पर हमला और अब सरेआम मार्केट में व्यक्ति के मर्डर को देखकर लग रहा है कि शहर में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। पुलिसिया खौफ अपराधियों पर नजर नहीं आ रहा है।
विज्ञापन

रंजिशन किया गया है मर्डर, पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया
कैथल। पुलिस ने श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर के निकट किए गए मर्डर मामले में मृतक सुनील कुमार के पिता रामकुमार की शिकायत पर अज्ञात पांच लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी कुलभूषण ने कहा कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। काफी महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगा है। उम्मीद है आरोपी शीघ्र ही काबू कर लिए जाएंगे। हत्या के कारण को लेकर उन्होंने कहा कि यह मामला रंजिशन लग रहा है। रंजिश कुछ भी हो सकत है। हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद ही असली कारण का पता चलेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें