रिमांड पर चल रहे आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद
पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी व यूपी से नकली करंसी बरामद करने के लिए दो दिन रिमांड ओर हासिल किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सीआईए-टू ने नकली नोट सप्लाई करने वाले दो आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। जिनमें दो हजार व पांच सौ के नकली नोट शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये की जाली नोट व इनोवा गाड़ी पहले ही बरामद की जा चुकी है। शनिवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया। जहां से एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया ओर दूसरे आरोपी का फिर से 2 दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एसपी आस्था मोदी ने बताया सीआईए-टू प्रभारी सबइंस्पेक्टर सत्यवान की अगुवाई में एएसआई हवासिंह ने एचसी प्रदीप कुमार की टीम के साथ 19 दिसंबर की रात चीका से गिरफ्तार किए गए आरोपी बलविंद्र उर्फ बिंद्र निवासी मंझेड़ी के कब्जे से चीका स्थित किराये के कमरा से 2-2 हजार रुपये के पांच नकली नोट व 500 रुपये के 4 जाली नकली नोट बरामद किए गए है। पुलिस रिमांड में पूछताछ दूसरे आरोपी जॉनी उर्फ हैप्पी निवासी बदसुई के कब्जे से चीका स्थित अन्य ठिकने से 2-2 हजार रुपये के 9 नकली नोट बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में रैकेट से जुड़े कई अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। आरोपी बलविंद्र ने यूपी में अपने ठिकाने पर नकली नोट छिपाना कबूला है। आरोपियों की गिरफ्तारी, वारदात में प्रयोग प्रिंटर, स्कैनर सहित अन्य उपकरणों की बरामदगी के लिए आरोपी बलविंद्र का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।