मुर्गा व्यापारी से लूटे रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। ढांड क्षेत्र में अज्ञात लुटेरे लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। जिससे कस्बा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लूट की वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर सीआईए पुलिस व ढांड पुलिस ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पीड़ित इरफान निवासी खदरौली जिला शामली यूपी ने बताया कि वह पिछले 2 सालों से इस क्षेत्र में मुर्गों की खरीद फरोख्त का व्यापार करते है। रविवार को गांव धेरडू से उन्होंने मुर्गे खरीदे गाड़ी में लोड पूरा न होने के कारण ढांड से मुर्गे खरीदने चल दिए। कौल नहर के पुल पर गाड़ी रोककर हम ढांड में संपर्क कर रहे थे तभी वहां एक काले रंग की गाड़ी में लाठी, डंडा लेकर 5-7 युवक आए। जिन्होंने उससे कहा कि वह मुर्गे ले जाने का टैक्स भरता है। इसके बाद उन युवकों ने उससे मारपीट शुरू कर दी और लगभग 29000 रुपये छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है कि वह लुटेरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसके पैसे वापस दिलवाएं।
ढांड थाना प्रभारी मुनीष कुमार ने बताया कि यूपी के जिला शामली निवासी इरफान की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों द्वारा कौल में की गई लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
कौल में अज्ञात लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर हुए फरार, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी