टीचर ने की बच्चे की पिटाई, करवाना पड़ा ऑपरेशन
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। कुरुक्षेत्र रोड स्थित एक स्कूल की चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 10 वर्षीय छात्र की टीचर द्वारा पिटाई किए जाने से उसका ऑपरेशन करवाना पड़ा है। बच्चे के पिता ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में दी है। जिसमें टीचर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डिफेंस कालोनी गली नंबर 2 करनाल रोड कैथल निवासी श्याम लाल ने बताया कि आईजी स्कूल में बेटा दीपक (10) व बेटी भूमिका (8) दोनों चौथी कक्षा में पढ़ते हैं। श्याम लाल ने बताया कि मैथ टीचर ने उसकी बेटी भूमिका के सामने बेटे दीपक को कॉपी चेक करने के दौरान एक प्रश्न पूरा नहीं लिखने पर कान पर थप्पड़ मारा। इस दौरान टीचर के हाथ में पेन था और पेन दीपक के कान के नीचे चुभ गया, जिसके बाद दीपक के कान के नीचे से खून बहने लगा। घर पहुंचने पर दीपक को बुखार आ गया। इसके बाद उसके बायें कान के निकट सूजन हो गया। दर्द और सूजन बढ़ने पर उसे शाह अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि कोई नुकीली वस्तु उसकी नस में घुस गई है, जिस कारण सूजन है और उसका आपरेशन करना पड़ेगा। जिसके बाद उसके बेटे का आपरेशन करना पड़ा। दीपक की मां भी पेशे से टीचर है। उसने कहा कि बच्चे को इतनी बुरी तरह से पीटना गलत है।
सिविल लाइन एसएचओ जसवंत सिंह ने कहा कि बच्चे के पिता ने टीचर की शिकायत दी है, मामले की जांच की जा रही है।
घटना के लिए उन्हें खेद, हर संभव मदद की जाएगी : खुरानिया
स्कूल प्रबंध समिति प्रधान जगदीश बहादुर खुरानिया ने कहा कि अगर टीचर ने बच्चे की पिटाई की है तो गलत है और उन्हें खेद भी है। टीचर से जवाब मांगा जाएगा। जैसे ही उन्हें मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने बच्चे की हालत जानने के लिए स्टाफ को भेजा है, जो संभव मदद होगी, वह की जाएगी। कल वे भी बच्चे की हालत जानने के लिए जाएंगे।