माइनर में मिला मिल मजदूर का शव, परिजनों ने मिल मालिक सहित पांच पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने पांचों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया
फोटो नंबर-32
अमर उलाजा ब्यूरो
कैथल। शेरगढ़ लिंक माइनर में पाई निवासी एक राइस मिल मजदूर का शव मिला। परिजनों ने पांच लोगों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत अनुसार केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
मृतक के ताऊ के लड़के महिपाल ने अस्पताल में बताया कि उसका चचेरा भाई धर्मबीर कैथल में एक राइस मिल में काम करता था। मंगलवार रात को वह घर नहीं पहुंचा। उनके घर सूचना मिली कि धर्मबीर नहर में डूब गया है। सूचना मिलने के बाद वे बताए गए शेरगढ़ माइनर पर दर्शन सिंह के डेरे के निकट स्थित पुल पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक के भाई महेंद्र पाल ने बताया कि उसका भाई धर्मवीर शहर के एक राइस मिल्स में काम करता था। उसके भाई की मिल मालिक सहित पांच लोगों ने मिलकर हत्या की है।
जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई महेंद्र पाल की शिकायत पर पाई निवासी नरेश, राजबीर, कैथल निवासी सुरेंद्र, अजमेर (उर्फ लाला) व मिल मालिक सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
कार्रवाई को लेकर पुलिस असमंजस में : अस्पताल में पहुंचे परिजनों को कार्रवाई के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। पुलिस व जीआरपी के बीच के क्षेत्र होने के चलते कार्रवाई को लेकर असमंजस बना रहा। जिस पर परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद सिटी इंस्पेक्टर के अलावा डीएसपी जोगेंद्र सिंह, रामकुमार, जीआरपी डीएसपी सतीश गौतम भी मौके पर पहुंचे और मामले की कार्रवाई जीआरपी पुलिस द्वारा की गई।
परिवार के गुजारे का सहारा था धर्मवीर : मृतक के भाई ने बताया कि परिवार में धर्मबीर ही कमाने वाला था। जिस पर पूरा परिवार निर्भर था। इसके दो बच्चों में एक लड़का व एक लड़की हैं।