अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव क्योड़क में पांच दिन पहले लापता हुए बारहवीं कक्षा के छात्र का शव गांव के तालाब में मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। जिस पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद केस दर्ज होगा।
कक्षा बारहवीं का छात्र मोहन रविवार सुबह घर से दौड़ लगाने के लिए राजकीय स्कूल के मैदान में पहुंचा। उस दिन के बाद से ही वह लापता था। मृतक के ताऊ माईचंद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका भतीजा आर्मी के तैयारी करने के लिए रोज सुबह स्टेडियम में दौड़ लगाता था। लेकिन वह रविवार को सुबह सैर करने के बाद से घर नहीं लौटा। उसने बताया कि शुक्रवार सुबह स्कूल के बच्चों ने छात्र के शव को तालाब में देखा। सूचना मिलने पर पुलिस को बुलाया गया। उसके शव को बाहर निकाला तो देखा कि उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। बाद में मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया गया। जहां सूचना मिलते ही बीजेपी नेता राव सुरेंद्र व नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन यशपाल प्रजापति व कई गणमान्य लोग जिला अस्पताल पहुंचे।
दो दिन से तालाब में भी तलाश कर रहे थे परिजन : अस्पताल में पहुंचे गांव के लोगों ने बताया कि उन्होंने तालाब में दो दिन से तलाश भी की थी। लेकिन उन्हें वह नहीं मिला। शुक्रवार को शव दिखा तो पता चला कि तालाब में ही पड़ा हुआ था।
चार बहनों से सबसे छोटा था मोहन : मृतक मोहन के पिता आर्मी में थे। जिस पर वह भी अपने पिता की तरह सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहता था। उसकी चार बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है। मोहन के परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर है। वह आर्मी में भर्ती होकर अपने सपने को पूरा करना चाहता था। लेकिन उसकी मौत से उसका सपना चकनाचूर हो गया।
क्योड़क चौकी प्रभारी सत्यवान ने बताया कि छात्र के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले पुलिस में छात्र की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इसमें जरूरी बनती धारा को जोड़ा जाएगा।
गांव के ही तालाब में मिला पांच दिन पहले लापता हुए बारहवीं के छात्र का शव
शरीर पर चोटों के निशान, हत्या की आशंका
बारहवीं कक्षा का छात्र था मृतक, आर्मी की तैयारी कर रहा था
पिता आर्मी में थे, चार बहनों में सबसे छोटा था मृतक
पुलिस ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
फोटो नंबर-4,5