चोरों ने एक ही रात में तोड़े आठ दुकानों के शटर, नकदी पर किया हाथ साफ
- सुबह दुकानों पर पहुंचे दुकानदारों की पैरों तले की खिसकी जमीन, सीसीटीवी फुटेज में मुंह ढके दिख रहे चोर
- शहर के मुख्य बाजार में रात को एक से 2.30 बजे के बीच में दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। चोरों ने शहर के मेन बाजार में एक घंटे के भीतर दो जगह सेंध लगाई। इस दौरान आठ दुकानों के ताले तोडक़र हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरों का निशाना केवल नकदी रहा। चोरों ने दुकानों में रखे गोशाला के दान पात्रों या फिर मंदिरों में रखे गए सिक्कों तक को नहीं छोड़ा। सभी जगह से वे नकदी चोरी कर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में अशोक सिनेमा रोड व निरवानिया बिल्डिंग के पास स्थित दुकानों में सेंध लगाते नजर आ रहे हैं। कहने को चंदाना गेट पर अस्थाई पुलिस चौकी बनाई गई है, लेकिन चोरों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस की इस क्षेत्र में गश्त पर बड़े सवालिया निशान लगाए हैं।
चोरों ने पहले निरवानिया बिल्डिंग में एक पेस्टीसाईड की दुकान में सेंध लगाई। जहां से जतिन गांधी की पेस्टीसाइड की दुकान से हजारों रुपये की नकदी, गोशाला दानपात्र व मंदिर में रखे सिक्कों सहित नकदी चोरी कर ली। उनका करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही अरुणाय संस्था की 4700 रुपये की नकदी भी चोरी कर ले गए। यहीं पर पास में स्थित पतंजलि स्टोर संचालक अंकित ने बताया कि उसकी दुकान का शटर तोड़कर यहां से नकदी व हजारों का सामान चोरी कर ले गए। उसका लगभग 60 हजार रुपये व पतंजलि चिकित्सालय को 77 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बाद चोरों ने कपड़ों की दुकान में सेंध लगाई और नकदी चोरी कर ले गए। उसका भी हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने अशोक सिनेमा रोड पर स्थित ग्यारह रुद्री शिव मंदिर की दुकानों में सेंध लगाई। यहां उत्सव मेडिकल स्टोर से गोशाला का दानपात्र व सेफ से 5 तोले का चांदी का सिक्का व 8 हजार रुपये नकदी चोरी कर लिया। इसी प्रकार यहां बिट्टू करियाणा स्टोर से 15 से 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने यहीं पर एक केमिस्ट की दुकान का भी शटर तोड़ दिया। लेकिन इसमें चोरी नहीं की।
इसके बाद चोरों ने इसी रोड पर रॉकी मित्तल के कार्यालय के सामने जयभगवान हलवाई की दुकान में सेंध लगाई और करीब 10 हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए। यहां एक चाय वाले की दुकान में भी सेंध लगाई और उसकी नकदी चोरी कर ले गए।
दोनों जगह सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए चोर : दोनों जगह चोरों ने रात 1 से लेकर 2.30 बजे के बीच में वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में निरवानिया बिल्डिंग में करीब सवा एक बजे ताले तोड़े। इसके बाद करीब ढाई बजे ग्यारह रुद्री मंदिर के निकट दुकानों को निशाना बनाया।
डेढ़ घंटे तक टूटते रहे दुकानों के ताले, गश्त करने वाली पुलिस नदारद : जहां चोरों ने सेंध लगाई, वह मार्केट के हिसाब से दोनों मुख्य मार्गों पर स्थित हैं। चंदाना गेट पर पुलिस ने अस्थाई चौकी भी बनाई है। इसके बावजूद रात के एक बजे से ढाई बजे तक चोर दुकान दर दुकान ताले तोड़ते रहे। ऐसे में चोरों ने पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगा दिया। दुकानदारों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर इतनी आसानी से ताले टूट रहे हैं तो अंदर गलियों में स्थित दुकानों की सुरक्षा कैसे होगी?
सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। फुटेज में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो लोग हैं। जिसमें एक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। इस मामले की जांच सीआईए पुलिस की दोनों टीमों को दे दी गई है। सीसीटीवी फुटेज को पुलिस का आईटी विभाग तकनीकी रूप से जांच रहा है। इसके साथ ही शहर के सभी मुख्य बाजारों में पीसीआर के साथ-साथ पुलिस ऑन फुट पेट्रोलिंग का इंतजाम कर दिया जाएगा। जिससे ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
वसीम अकरम, एसपी, कैथल।