पुरानी रंजिश को लेकर खुशहाल माजरा से गुहला-चीका आ रहे दो युवकों पर पीछा करते हुए एक युवक ने गोली दाग दी। जिसमें बाइक पर पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया। लेकिन गोली बाइक चला रहे युवक के पेट में जा लगी। जिस कारण उसे पहले गुहला और बाद में पटियाला रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई सुभाष ने बताया कि गांव खुशहाल माजरा निवासी अंकित गांव के ही रिंकू के साथ बाइक पर सवार होकर गुहला-चीका की ओर जा रहे थे। डेरा भाग सिंह के निकट उन्होंने गांव पीड़ल निवासी अमित घणघस मिला। अमित घणघस के साथ बाइक पर एक अन्य युवक सवार था। इन दोनों ने पीछा करते हुए पीछे से गोली दाग दी। जो पीछे बैठे रिंकू को तो नहीं लगी, लेकिन बाइक चला रहे अंकित की पीठ में जा लगी। उसे बाद में अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से उसे पटियाला रेफर कर दिया गया है। गोली मारने का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। अंकित खेती बाड़ी का ही काम करता है। पुलिस आरोपी अमित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं रिंकू की शिकायत पर अमित व उसके एक अन्य साथी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।