गुहला-चीका। ग्रामीण भ्रमण कार्यक्रम के तहत रविवार को हरनोली, लंडाहेड़ी, जोधवा गांव में कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में गुहला के डीएसपी कुलदीप बेनीवाल, चीका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने कहा कि अपराध रोकने के लिए आमजन का सहयोग बहुत जरूरी है जिसके बिना यह काम असंभव है।
कहा जाता है कि नशा ही सब अपराधों की जड़ है इसलिए नशे को समाप्त करना पुलिस और जनता का प्रथम कर्तव्य है। मौजूदा दौर में नशा समाज और देश को खोखला कर रहा है और देश का भविष्य युवा गर्त की ओर जा रहा है। यदि हम नशे पर काबू पा लेते हैं तो काफी हद तक अन्य अपराध भी कम हो जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद व्यक्तियों की समस्याओं को सुना और उनका निवारण करने का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही आमजन से अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। डीएसपी ने कहा कि कि नशा एक सामाजिक बुराई है। इसे हम सबको मिलकर जड़ से उखाड़ना होगा। इस मुहिम में हर व्यक्ति अपना योगदान दें और अपनी जिम्मेदारी को समझें व समाज के प्रति अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में फंसे युवकों को समाज मुख्यधारा में लाना और समाज को नशा मुक्त करना हम सबका दायित्व है। डीएसपी ने आह्वान किया कि अगर उनके आसपास कहीं नशा बिकता है तो वह इसकी पुलिस को दें।