पारा चढ़ने के साथ जहां बिजली की खपत बढ़ती जा रही है, वहीं बिजली चोरी के मामलों में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। स्थिति यह है कि निगम की छापामारी में पिछले दो दिनों में ही 100 जगह बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं। आरोपियों से करीब 30 लाख रुपये जुर्माना भी वसूला गया है।
बता दें कि जिले में कुल 184 फीडर हैं, जिससे चार विधानसभा क्षेत्रों के शहरी इलाकों सहित करीब 292 गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। जिले में एक सर्कल कार्यालय, तीन डिवीजन और सात सब डिवीजन हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति करते हैं। वहीं बिजली निगम को लाइन लॉस से हर महीने लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। इसके भरपाई के लिए इन दिनों बिजली निगम की टीम छापामारी अभियान चला रही है। इसके तहत दो दिनों में 249 जगह टीम ने छापामार कार्रवाई की है और चोरी के करीब सौ मामले पकड़े हैं।
एक्सईन प्रदीप गोयत ने बताया कि पिछले कई दिनों से गर्मी अधिक होने से जिले में स्थापित फीडरों पर लोड बढ़ रहा है, जिस कारण फीडरों पर लाइन लॉस लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में बिजली चोरी रोकने के लिए निगम द्वारा अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी करने वालों से निपटने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।
गर्मी से 25 प्रतिशत तक बढ़ी खपत
गर्मी के कारण पिछले बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि मार्च के दूसरे सप्ताह की अपेक्षा करीब 20 से 25 फीसदी तक बिजली की खपत बढ़ी है। बिजली निगम ने पिछले दो दिनों में बिजली चोरी के करीब 100 केस पकड़े हैं, जिसमें करीब 30 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है।