25-कैथल। राजौंद में आयोजित ट्रैक्टर टोचन मुकाबले में जोर लगाते हुए ट्रैक्टर चालक व उपस्थित भीड़।
- फोटो : Kaithal
कैथल। गांव सेरधा में शनिवार को ट्रैक्टर टोचन (ट्रैक्टर जोड़ना) प्रतियोगिता का आयोजन होना था। इस प्रतियोगिता की अनुमति न मिलने के चलते राजौंद थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर इसे बीच में ही रुकवा दिया। इस पर आयोजकों ने पहले तो रोष जताया, लेकिन बाद में उन्होंने थाना प्रभारी की बात मानी ली। प्रतियोगिता रुकने पर इसमें हिस्सा लेने पहुंचे प्रतिभागी ट्रैक्टर चालकों को उनकी फीस वापस दी गई।
पंजाब और हरियाणा में ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता काफी चर्चित है। इसमें दो ट्रैक्टरों को पीछे से एक-दूसरे के साथ बांधा जाता है। इसके बाद दोनों विपरीत दिशा में जोर लगाते हैं। कुल मिलाकर इस प्रतियोगिता के दौरान ट्रैक्टर की शक्ति का प्रदर्शन किया जाता है। इसमें देखा जाता है कि कौन सा ट्रैक्टर अधिक शक्तिशाली है जो ट्रैक्टर दूसरे को खींच लेता है उसे विजेता घोषित कर दिया जाता है।
राजौंद थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव सेरधा में बिना किसी अनुमति के ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी। इस पर वह मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। आयोजकों को प्रतियोगिता समाप्त करने के कहा। इसके बाद प्रतियोगिता बीच में खत्म कर दी गई।