आतंकवाद विरोधी दिवस पर कर्मचारियों व अधिकारियों को शपथ दिलवाते हुए डीसी प्रदीप दहिया
- फोटो : Kaithal
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया गया। इसमें डीसी प्रदीप दहिया की अगुवाई में अधिकारियों व कर्मचारियों ने आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का खात्मा करने के लिए हम सबके सांझे प्रयास जरूरी है। हमें एकता के सूत्र में बंधकर आतंकवाद का डटकर मुकाबला करने का संकल्प लेना चाहिए, तभी हम मजबूत राष्ट्र और सभ्य समाज की संरचना में अहम भूमिका अदा कर पाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि आतंकवाद किसी का सगा नही है। यह किसी धर्म, सप्रदाय, जाति, मजहब को नहीं देखता। समाज और देश को क्षति पहुंचाने वाले लोग किसी न किसी रूप में नुकसान पहुंचाने की फिराक में रहते हैं, इसलिए हमें ऐसे लोगों से सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। हमें देश को बांटने वाली ताकतों और नफरत फैलाने वाले लोगों से सावधान रहना चाहिए। यह हम सबके लिए अति आवश्यक है।
अपनी अभिव्यक्ति में उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपने देश और समाज के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की जरूरत है। इस मौके पर एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, नगराधीश गुलजार अहमद, डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह के अलावा अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।