30-गुहला चीका। एक राइस मिल में धान का मिलान करते हुए सीएम फ्लाइंग की टीम ।
- फोटो : Kaithal
गुहला-चीका। चीका में पिहोवा रोड पर स्थित एक राइस मिल में सोमवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। टीम का नेतृत्व डीएसपी रविंद्र कुमार ने किया। देर सायं तक हुई जांच में लगभग सौ क्विंटल धान अधिक मिला। इस पर नियमानुसार जुर्माना या आगामी कार्रवाई की जाएगी।
टीम में डीएफएसओ प्रदीप कुमार, फूड सप्लाई के इंस्पेक्टर विनोद कुमार, इंस्पेक्टर जयभगवान व उनकी टीम ने राइस मिल में पहुंच कर धान के खरीद संबंधी कागजात की जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम सदस्यों ने धान के स्टॉक व कागजात में दिखाई गई मात्रा का मिलान किया। डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि धान के सीजन को देखते हुए सरकार के आदेशों पर शैलरों में लगने वाले सरकारी धान का निरीक्षया किया है। धान का मिलान अच्छी प्रकार से हो सके, इसको लेकर डीएफएसओ व फूड सप्लाई के अधिकारियों ने गिनती की है। उन्होंने कहा कि मिलर्स को बेवजह परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
उधर, इस संबंध में डीएफएसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि राइस मिल में करीब सौ क्विंटल धान अधिक मिला है। यह सुखाया हुआ था। इसमें जुर्माना किया जाएगा। यदि कोई अन्य अनियमितता भी मिली तो उसमें भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर सीजन के समय में मिलों की इस तरह की जांच पर राइस मिलर्स एसोसिएशन ने नाराजगी प्रकट की है। हरियाणा राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष हंस राज सिंगला ने कहा कि अभी धान का सीजन जारी है। सरकार का बहुत सारा धान मंडियों व फड़ों में पड़ा है। काफी सारा धान सुखाने के लिए राइस मिलें के फड़ पर खुले में पड़ा है। ऐसे में धान का सहीं मिलान हो पाना असंभव है। सिंगला ने कहा कि यह पहला मौका है, जब सीजन के बीच में कोई सरकारी एजेंसी स्टॉक की जांच के लिए मिल में पहुंची है।