हरियाणा के कैथल में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व जिला खाद्य निरीक्षक की टीम ने जींद रोड स्थित एक राइस मिल में बुधवार को विशेष जांच की। इस दौरान बिना अनुमति धान खरीदने पर साढ़े छह लाख रुपये जुर्माना लगाया।
विज्ञापन
यह जांच टीम में शामिल जींद से मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के इंस्पेक्टर राजदीप व पवन के नेतृत्व में की गई। इस बीच मिल में 12 हजार 163 क्विंटल पीआर धान मिला, जो बिना एजेंसी से अलॉटमेंट हुए धान मंडियों से खरीदा गया था। इसमें मार्केट फीस भी कम जमा करवाई थी, जबकि धान ज्यादा खरीदा गया था। टीम ने यहां रिकॉर्ड की जांच करते हुए आगामी कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों के नोटिस में मामला लाया है।
गौरतलब है कि यह मिल अभी तक किसी भी एजेंसी को अलाट नहीं हुआ है। बिना एजेंसी अलाट हुए कोई भी मिल मालिक धान नहीं खरीद सकता। अगर ऐसा करता है तो यह नियम विरुद्ध है। इस मामले में टीम ने राइस मिलर पर करीब साढ़े छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
विज्ञापन
खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जींद रोड पर स्थित मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के साथ यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मिल में 12 हजार 163 क्विंटल धान मिला था। मिल की तरफ से बारीक धान की फीस जमा करवाई है, लेकिन पीआर धान की फीस अभी जमा नहीं करवाई है, इस बारे में मार्केट कमेटी को सूचित कर दिया है।