गौरव वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहेड़ा में हरियाणा दिवस पर एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कई विद्यार्थियों ने प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम की शुरुआत और अध्यक्षता विद्यालय के उप प्राचार्य जयपाल ने की। इस अवसर पर 400 मीटर रेस में समीर ने प्रथम स्थान, तुषार ने द्वितीय स्थान व लक्ष्य ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
स्कूल प्रधानाचार्य दर्शन सिंह मौण ने बताया कि हरियाणा दिवस पर रस्सा कस्सी, बोरी रेस, ऊंची कूद, चार सौ मीटर रेस के साथ साथ अन्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि खेलों से बच्चों का मानसिक व शारीरिक विकास होता है इसलिए खेलों का भी जीवन में बहुत महत्व है। स्कूल की ओर से भी इस प्रकार के खेलों का आयोजन समय समय पर किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि रस्साकशी प्रतियोगिता में पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने बाजी मारी। बोरी रेस में सानवी प्रथम स्थान, कृतिका ने द्वितीय स्थान व मंजू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में तुषार ने प्रथम स्थान, लक्ष्य द्वितीय स्थान और दीपांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका जोगिंद्र चहल व सुमित किठाना के द्वारा निभाई गई। इस दौरान राजेश कुमार के साथ साथ स्कूल स्टाफ सदस्य मौजूद थे।