कैथल। राजकीय माध्यमिक विद्यालय देवीगढ़ में शिक्षकों और मिड-डे मील वर्करों के बीच चल रही खींचतान का असर शुक्रवार को बच्चों के भोजन पर पड़ा। स्कूल में मिड-डे मील नहीं पक सका और बच्चों को केले बांटे गए। मिड-डे मील वर्करों ने हेड टीचर पर शोषण, राशन में हेराफेरी और अपने लिए अलग से देशी घी के मालपूड़े व अन्य पकवान बनवाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वर्करों ने इसकी लिखित शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को दी है।
मिड-डे मील वर्कर जसविंद्र कौर, सुशीला और कमलेश का आरोप है कि उनसे काम करवाने के साथ मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान किया जाता है। विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है। उनका दावा है कि बच्चों के लिए मिलने वाले राशन में भी कटौती की जाती है और शिक्षकों के लिए अलग से खाना तैयार करवाया जाता है।
वीडियो बनाकर लगाए राशन के दुरुपयोग के आरोप
वर्करों ने शिकायत के साथ कुछ वीडियो भी अधिकारियों को दिए जाने का दावा किया है। उनके अनुसार वीडियो में बच्चों के लिए मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार करने के साथ शिक्षकों के लिए अलग से रोटी और सब्जी बनाई जाती है। उन्होंने हेड टीचर पर बच्चों के राशन का इस्तेमाल कर अलग बर्तनों में देशी घी से मालपूड़े, पकौड़े व अन्य पकवान बनवाने का आरोप लगाया है।
वर्करों की ओर से अधिकारियों को भेजी गई लिखित शिकायत में फर्जी बिलिंग, सरकारी राशि के दुरुपयोग और स्कूल परिसर के पेड़ों व पुराने सरकारी सामान को बिना अनुमति और नीलामी के बेचने के आरोप भी लगाए गए हैं। वर्करों ने मामले की निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई और संबंधित कर्मचारियों के तबादले की मांग की है। साथ ही उन्होंने लगाए गए आरोपों के संबंध में ऑडियो और वीडियो जैसे साक्ष्य होने की बात भी कही है।
सरपंच ने दोनों पक्षों से की बातचीत
मिड डे मील वर्करों व हेड टीचर की आपसी खींचतान का मामला सरपंच और पंचायत के संज्ञान में आने पर शुक्रवार को सरपंच और ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के साथ बैठक कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया। मामले में दोपहर को स्कूल में सरपंच व ग्रामीणों ने दोनों पक्षों से बातचीत की।
स्कूल में मनमुटाव की शिकायत मिली है। शुक्रवार को सरपंच ने फोन कर दोनों पक्षों के बीच बातचीत से मनमुटाव दूर होने की जानकारी दी। उन्हें बच्चों को खाना वितरित किए जाने की भी सूचना मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी।
- बिमला सिरोही, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग, कैथल।
मिड डे मील नहीं पकने पर बच्चों को केले वितरित करते हुए शिक्षिका। संवाद
मिड डे मील नहीं पकने पर बच्चों को केले वितरित करते हुए शिक्षिका। संवाद