संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद/कैथल। गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद मंगलवार को जिले के सभी स्कूल खुल गए। लंबे अवकाश के बाद बच्चों में स्कूल लौटने की खुशी साफ नजर आई। स्कूल खुलते ही परिसर में चहल-पहल लौट आई और एक बार फिर कक्षाएं रौनक से भर गईं। हालांकि पहले दिन बारिश के कारण कई सरकारी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम रही। अब बुधवार से विद्यार्थियों के नियमित रूप से स्कूल पहुंचने की उम्मीद है।
स्कूल खुलने पर बच्चों को सुबह से ही यूनिफॉर्म में स्कूल जाते देखा गया। एक महीने के अवकाश के बाद कुछ स्कूलों में हाजिरी कम रही, लेकिन बच्चों का उत्साह बरकरार था। छुट्टियों के दौरान तिथि बढ़ने की चर्चा भी हुई थी, लेकिन मौसम अनुकूल रहने के चलते स्कूल तय तारीख एक जुलाई को ही खुल गए।
स्कूल में लौटी रौनक, होमवर्क में अव्वल बच्चों को इनाम ः गुहला-चीका। एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल कमलेश नैन ने बताया कि जून की छुट्टियां खत्म होने के बाद मंगलवार को स्कूल में फिर से बच्चों और शिक्षकों की रौनक लौट आई। उन्होंने कहा कि बच्चों के बिना स्कूल सूना लगता है। छुट्टियों के बाद सभी बच्चे अपने शिक्षकों से मिलकर बेहद खुश नजर आए।
कई बच्चों ने छुट्टियों के दौरान अपने माता-पिता के साथ विदेश यात्रा भी की। प्रिंसिपल ने बताया कि जून का महीना बच्चों के लिए नई चीजें सीखने का बेहतरीन समय होता है और हर बच्चे को इस समय का सदुपयोग करना चाहिए।
इस मौके पर उन बच्चों को पुरस्कार दिए गए, जिन्होंने जून का होमवर्क सुंदर ढंग से पूरा किया था। कार्यक्रम में नर सिंह पूनिया, अवतार चीका, अभिमन्यु सिंह, चरण सिंह, बलराज सिंह, अभिषेक सिंह, सुनील सिंह और कुलवंत सिंह मौजूद रहे।