संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। यातायात पुलिस ने शुक्रवार को डीजे लगी जुगाड़ गाड़ी का 33 हजार का चालान कर इंपाउंड किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार को यातायात थाना प्रभारी एसआई राजकुमार की टीम ने करनाल रोड कैथल से डीजे लगी जुगाड़ गाड़ी को काबू किया। पुलिस टीम की ओर से चालक से पूछताछ के दौरान चालक इस वाहन के कोई दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका। पुलिस ने उक्त वाहन को 33 हजार रुपये का चालान करते हुए वाहन को इंपाउंड कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वाहनों को किसी भी तरह से मॉडिफाई करवाना यातायात नियमों के खिलाफ है। वाहन मॉडिफाई करवाकर वाहन के सुरक्षा मानकों से छेड़छाड़ करने से सड़क हादसे हो सकते हैं। कैथल पुलिस आगे भी ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती से निपटेगी तथा नियमानुसार कार्रवाई के दौरान उनके चालान किए जाएंगे। एसपी राजेश कालिया ने अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और उनकी अनदेखी ना करें।
पुलिस का उद्देश्य चालान काटने का नही है बल्कि सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करके आमजन की जिंदगी बचाना है। पुलिस आमजन की जानमाल की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है और आमजन को भी चाहिए कि एक जिम्मेदार व समझदार नागरिक होने के नाते यातायात नियमों की पालना करके सड़क सुरक्षा के अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।