गुहला-चीका। राजकीय कन्या महाविद्यालय चीका में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर चल रही तीन दिवसीय कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम, लर्निंग आउटकम फ्रेमवर्क, इंटर्नशिप, ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली तथा मल्टीपल इंट्री एवं एग्जिट स्कीम जैसे विषयों पर विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र बांटे गए।
अंतिम दिन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजिंदर अरोड़ा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने आगामी वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को पूर्ण रूप से लागू करने की तैयारी कर ली है। इसी वजह से प्राध्यापकों को इस संबंध में अवगत करवाने के लिए विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करवाई जा रही हैं। इसी शृंखला में यह कार्यशाला हुई।
इस मौके पर महाविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष एवं कार्यशाला संयोजक डॉ. रवि शंकर ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में एक नवीन पाठ्यक्रम और शैक्षणिक संरचना की परिकल्पना की गई है जो शिक्षार्थियों की आवश्यकताओं और उनके विकास के विभिन्न चरणों में प्रासंगिक है। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रो. भैरवी ने किया व प्रो. रजनी गुप्ता ने कार्यशाला की रिपोर्ट प्रस्तुत की। संरक्षक प्रो. अनिल कुमार सौदा ने धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्रो. विजय कुमार भारद्वाज, प्रो. लक्की शर्मा, प्रो. धर्म सिंह, प्रो. दर्शन, प्रो. सोमवीर सिंह, प्रो. प्रीति रानी, प्रो. मनीष गोयल, प्रो. सुनील राणा, प्रो. सुरभि रानी भी मौजूद रहीं।