कैथल। चंदाना गेट स्थित कानूनगो मोहल्ले में एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक रमन शर्मा अपने परिवार सहित किसी निजी कार्य से दिल्ली गए हुए थे। बुधवार शाम जब वे घर लौटे तो दरवाजे और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा हुआ मिला।
पीड़ित रमन शर्मा ने बताया कि चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और पूरे घर को खंगाल डाला। घर से लगभग 7-8 तोले सोना, ढाई लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप और कुछ अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। कुल नुकसान करीब 10 लाख रुपये के आसपास आंका जा रहा है।
शहर थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। शहर थाना प्रभारी गीता रानी ने कहा कि जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा। संवाद