संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल डिपो से गुरुग्राम और चंडीगढ़ के लिए अब एसी बसों में आरामदायक यात्रा की जा सकेगी। हाल ही में रोडवेज के बेड़े में शामिल की गईं 10 नई एसी बसों में से कुछ को इन रूटों पर भेजा गया है। गुरुग्राम तक किराया 365 रुपये और चंडीगढ़ के लिए 270 रुपये तय किया गया है।
कैथल से गुरुग्राम रूट पर ये बसें जींद और रोहतक होते हुए चलेंगी, जबकि चंडीगढ़ रूट की बसें अंबाला के रास्ते संचालित की जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए लंबे रूटों पर अब एसी सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे गर्मी व उमस में सफर पहले की तुलना में अधिक आरामदायक होगा।
परिवहन विभाग के अनुसार, नई एसी बसों के कागजी कार्यवाही पूरी हो चुकी है और इन्हें विभिन्न प्रमुख रूटों पर चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। भविष्य में इन बसों को दिल्ली, अमृतसर और जयपुर जैसे रूटों पर भी भेजे जाने की योजना है।
गौरतलब है कि इस समय कैथल डिपो से प्रतिदिन लगभग 180 बसें विभिन्न मार्गों पर चलाई जाती हैं। इनमें से कुछ रूटों पर पहले से ही सीमित एसी बसें संचालित की जा रही थीं, लेकिन
अब इन 10 नई बसों के आने से सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। रूट निर्धारण की प्रक्रिया उच्च अधिकारियों द्वारा की जा रही है।