कैथल। पूंडरी क्षेत्र में नेशनल हाइवे 152 डी पर हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत होने के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्राला (ट्रक) चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हादसा 26 अप्रैल को शाम के समय हुआ था, जिसमें दंपत्ति व उनकी बेटी की मौत हो गई थी। वे राजस्थान में खाटू श्याम के दर्शन कर अपने घर वापस पंचकुला जा रहे थे। जब पूंडरी क्षेत्र में पहुंचे तो उनकी कार एक ट्राले से टकरा गई थी, जिसमें तीनों की मौत हो गई थी।
फ्रैंड्स इन्कलेव किशनपुरा डाकौली जीरकपुर पंजाब निवासी साहिल गेरा ने पूंडरी थाना में शिकायत दी कि वह स्टडी वीजा लगाने का काम करता है। उसका करनाल में ऑफिस है। उसके मौसा मनोज कुमार का लड़का अनादि दत्ता ऑस्ट्रेलिया में अपनी पत्नी व बच्चे के साथ रहता है। अनादि दत्ता एक महीने से अपने पत्नी व बच्चे के साथ घर पर आया हुआ था। 24 अप्रैल को अनादि दत्ता को अपने परिवार समेत वापस आस्ट्रेलिया जाना था। अनादि दत्ता उसकी पत्नी व बच्चे को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने के लिए उसका मौसा मनोज कुमार, मौसी उर्मिल मेहता व लडक़ी चेतना कार में जा रहे थे। अनादि, उसकी पत्नी व बच्चे को दिल्ली एयरपोर्ट से हवाई जहाज में बैठाकर उसका मौसा मनोज कुमार, मौसी उर्मिल मेहता व चेतना कार में दिल्ली से श्री खाटू श्याम सीकर राजस्थान में माथा टेकने के लिए चले गए। 26 अप्रैल को उसके भाई सागर ने मौसा मनोज कुमार के पास कॉल की। फोन किसी पुलिस कर्मचारी ने उठाया व बताया गया कि आपके मौसा की कार का एक ट्राला के साथ नेशनल हाइवे 152डी पर पूंडरी के पास एक्सीडेंट हो गया है। कार में दो महिलाएं व एक पुरुष है। सूचना पाकर वे मौके पर पहुंच तो देखा कि तीनों कार में फंसे हुए थे। मनोज कुमार, उर्मिल मेहता व चेतना को वे सरकारी अस्पताल कैथल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित किया। शिकायतकर्ता ने कहा कि यह हादसा ट्राला चालक की लापरवाही से हुआ है। जांच अधिकारी महिपाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।