कलायत। रविवार को सेना में भर्ती करने की मांग को लेकर युवाओं द्वारा लगाए गए नेशनल हाईवे पर जाम के मामले में पुलिस ने इनेलो के पूर्व प्रांतीय युवा सचिव सलिंद्र राणा सहित 33 युवाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सुरक्षा एजेंट कर्ण सिंह की शिकायत पर इनेलो के पूर्व प्रांतीय युवा सचिव सलिंद्र प्रताप राणा सहित 33 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें साहिल, बादल, मोहित, अजय, मनोज, यश, अभिषेक, गोलू, रोबिन, निखिल, जगदीश व 15-20 अन्य शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस सुरक्षा एजेंट ने अपनी शिकायत में बताया है कि रविवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे तक मार्ग को जाम करते हुए मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों का रास्ता रोका गया। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए कलायत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अंडर सेक्सन 147, 149, 283, 341 आईपीसी 88 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गत आठ मई रविवार को युवाओं ने जल, थल और हवाई सेना में नौकरी की मांग को लेकर नेशनल हाईवे को अवरुद्ध करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जाम की सूचना मिलते ही कलायत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कानून-व्यवस्था को कायम रखते हुए युवाओं से अपना पक्ष रखने की अपील की। उपरांत तहसीलदार प्रदीप कुमार के माध्यम से बेरोजगार युवाओं ने विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा था। उधर, सलिंद्र राणा ने कहा कि बेरोजगार युवाओं ने भर्ती की ही तो मांग की है। सरकार ने रोजगार देने की बजाए एफआईआर थमा दी गई। इस प्रकार की कार्रवाई को लेकर लोगों में भारी रोष है।