कैथल। गांव किठाना की प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (पैक्स) में हुए खाद-बीज बेचने के घोटाले में दो कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में कर्मचारी कृष्ण और बलवान शामिल हैं। इनके खिलाफ सहकारी समिति कैथल के सहायक रजिस्ट्रार जितेंद्र कौशिक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। इस मामले में निवर्तमान डीसी प्रदीप दहिया के आदेश पर जांच की गई थी और पूर्व में एक कर्मचारी को सस्पेंड भी किया जा चुका है।
गौरतलब है कि गत पांच फरवरी को इस संबंध में शिकायत मिली थी। तब तत्कालीन डीसी प्रदीप दहिया ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांच के बाद 26 अप्रैल को इस मामले में एफआइआर दर्ज करने के लिए उप रजिस्ट्रार सहकारी समिति कुरुक्षेत्र ने अनुमति दी। प्रारंभिक जांच में पता चला था कि किठाना पैक्स में खाद, बीज, यूरिया और जिंक के स्टॉक में भारी गड़बड़ी थी। किसानों को खाद व बीज बेचने में आर्थिक गड़बड़ी की गई।
कागजों व स्टॉक में मिलान से लेकर पूर्व में बेचे गए खाद व बीज को किसानों के खातों में चढ़ाया गया था। कुछ किसानों ने बताया था कि उन्होंने इतना खाद लिया ही नहीं, जितना उनके खाते में है। इस मामले में एक कर्मचारी कृष्ण को निलंबित किया जा चुका है। इस संबंध में राजौंद थाना प्रभारी बीरभान ने बताया कि सहायक रजिस्ट्रार जितेंद्र कौशिक की शिकायत पर कर्मचारी कृष्ण और बलवान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।