कैथल। गांव काकौत स्थित सिरसा ब्रांच नहर की बड़ी ब्रांच में नहाने के दौरान पैर फिसलने से 19 वर्षीय युवक सनमदीप पानी में डूब गया। हादसा रविवार शाम करीब चार बजे हुआ। सूचना मिलते ही तितरम थाना पुलिस और युवक के परिजन मौके पर पहुंचे। प्रशासन और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन करीब 24 घंटे बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान में भी दिक्कत आ रही है।
शुगर मिल कालोनी निवासी सतपाल ने बताया कि उसका बेटा सनमदीप रविवार को काकौत नहर में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान बड़ी ब्रांच में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की और गोताखोर परगट सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। प्रशासन की टीम भी अपने स्तर पर युवक को तलाश कर रही है। सतपाल ने बताया कि नहर में इस समय पानी काफी अधिक है। ऐसे में पानी का स्तर कम कराया जाए तो तलाश अभियान में सफलता मिलने की उम्मीद है। परिवार के लोग चंदाना नहर हेड पर भी मौजूद हैं और वहां युवक की तलाश कर रहे हैं।
तितरम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश ने बताया कि रविवार शाम युवक के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कर दी गई। गोताखोर की सहायता से नहर के विभिन्न हिस्सों में युवक को तलाशा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार अभियान में जुटी हुई है।